भोपाल । शहर के 85 वार्डों में चुनाव के लिए पार्षद पद के कुल 398 प्रत्याशी मैदान में है। ये सभी प्रत्याशी अपनी ओर से प्रचार के लिए चुनाव में एड़ी से चोटी तक का जोर लगा रहे हैं। नगर निगम पार्षद पद के चुनाव प्रचार को दो दिन का समय अब बचा हुआ है। ऐसे में शहर के कई ऐसे वार्ड हैं, जो भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बने हुए हैं। इन वार्डों में वर्षों से परंपरागत रूप से भाजपा और कांग्रेस का कब्जा रहा है। इसके अलावा इस बार वार्डों में आरक्षण में महिलाओं को ज्यादा मौका मिलने से उनके पति भी मैदान में वोटरों के पास प्रचार के लिए पहुंच रहे हैं। प्रतिष्ठा वाले वार्डों में कांग्रेस व भाजपा के अलावा आम आदमी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार गली-मोहल्ले में मतदाताओं के घरों पहुंच कर अपने पक्ष में मतदान करने के लिए संपर्क कर रहे हैं।  शहर के वार्ड क्रमांक 2, 3, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 14, 17, 20, 21, 23, 26, 27, 31, 32, 35, 37, 38, 43, 45, 47,  50, 51, 52, 55, 59, 61, 64, 65, 67, 68, 71, 74, 75, 79, 80, 81, 82, 84, 85,  ऐसे हैं, जहां पति भी अपनी पत्नियों के साथ चुनाव प्रचार में कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। इसका कारण यह है कि कई वार्डों में पहले पति ही इन वार्डों में पार्षद रह चुके हैं और इस बार आरक्षण के चलते उनकी पत्नी चुनाव मैदान में हैं।

199 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में
भोपाल नगर निगम चुनाव में इस बार महिला प्रत्याशियों का अच्छा खासा दबदबा है। कुल 398 पार्षद पद के प्रत्याशियों में करीब 199 महिला प्रत्याशी हैं। महापौर पद के लिए मैदान में उतरी आठों प्रत्याशी महिलाएं हैं। पार्षद के लिए भाजपा कांग्रेस की ओर से 42-42 प्रत्याशी, आप, बसपा व अन्य रजिस्टर्ड पार्टियों से 36, तो 122 निर्दलीय में से 76 महिला प्रत्याशी हैं। वहीं नगर निगम के 85 वार्डों के लिए तैयार हुई मतदाता सूची में भी महिला मतदाताओं की संख्या पिछले चुनाव से कहीं ज्यादा है। इस बार उत्तर विधानसभा के दो वार्ड ऐसे हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। वहीं 37 वार्ड में ये थोड़ा ही पीछे हैं। ऐसे वार्डों में पुरुष के साथ महिला मतदाताओं के हाथों में पार्षद के जीत की डोर रहेगी। इसलिए पार्टियों और प्रत्याशियों का भी पूरा फोकस महिला मतदाताओं पर है।

इन वार्डों में महिला मतदाताओं का दबदबा
नगर निगम के चुनाव में  जिन 30 वार्डों में महिला मतदाताओं का दबदबा है, उनमें 25 वार्ड संत नगर और पुराने शहर में आते हैं। इनमें बैरागढ़ में आने वाले एक, चार और पांच संतनगर के हैं। जबकि वार्ड क्रमांक 7, 8, 9, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 18, 19, 21, 24, 37, 44, 73, 75, 76, 77, 78 और 79 पुराने शहर में शामिल हैं। वहीं नए शहर में 27, 28, 60, 62, 64 और 80 वार्ड को छोड़ दें तो अन्य वार्डों में पुरुषों की संख्या महिलाओं की अपेक्षा तीन से चार हजार अधिक है। इन वार्डों में पुरुषों के वोट निर्णायक होंगे। बता दें कि भोपाल नरग निगम के वार्ड आठ और नौ में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। वार्ड क्रमांक आठ, रायल मार्केट में 9417 पुरुष तो 9658 महिला मतदाता हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 9, बाग मुंशी हुसैन खां में 12015 पुरुष तो 12043 महिला मतदाता हैं। इस बार के नगर निगम चुनाव में वार्ड आठ और नौ अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है।