छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्‍सलियों ने एक पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। जिले के दुर्गुकोंदल थाना अंतर्गत हाहालद्दी माइंस में नक्सलियों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पूर्व सरपंच और वर्तमान में ग्राम पटेल नोहर सिंह तुलावी मोनेट माइंस में काम कर रहा था। सोमवार को 3 नक्‍सली माइंस के अंदर आ घुसे। पहले उससे बात करते रहे और फिर नक्सलियों ने नोहर के सीने में बंदूक टिका कर गोली मार दी। नक्सलियों ने नोहर के सिर पर पत्थर से हमला भी किया और भाग गए। घायल नोहर को अस्पताल लाया गया। नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम द्वारा वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। दिनदहाड़े माइंस में गोली चलने से हड़कंप मच गया। 

मिली जानकारी के मुताबिक 3 महीने पहले नक्सलियों ने नोहर के खिलाफ पर्चा भी फेंका था। पर्चे के माध्यम से नक्सलियों ने नोहर पर मोनेट माइंस का दलाली करने का आरोप लगाया था। पहले भी नक्सली पूर्व सरपंच पर हमला कर चुके हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत है। माइंस इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। दुर्गकोंदल पुलिस मामले की जांच कर रही है।