सोलन । हिमाचल प्रदेश के सोलन के शामती में भारी भूस्खलन से काफी नुक्सान हुआ है। यहां पर करीब 3 भवन गिरे हैं, जबकि करीब 26 घरों को खाली करवाया गया है। शामती के साई बाबा मंदिर के पास में भूस्खलन से मत्स्य विभाग के कार्यालय सहित 3 मकान गिर गए हैं। 
भारी भूस्खलन के कारण सोलन-राजगढ़ मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के करीब 6 घरों को खाली करवा दिया है। शामती के अलावा काली माता मंदिर के नजदीक भी मकानों में दरारें आई हैं, जिसके बाद आसपास के क्षेत्रों में मकानों को प्रशासन ने खाली भी करवाया। पहाड़ से गिरा मलबा कई लोगों के घरों में भी सड़क से निचली तरफ को घुस गया। वहीं चंडीगढ़-शिमला एनएच को बहाल कर दिया है। उधर नालागढ़-रामशहर-शिमला मार्ग शुरू नहीं हो सका है। 
सोलन के पंचायत चम्मों के गांव गडियार के समीप हुई लैंड स्लाइड की चपेट में आने से 2 प्रवासी कामगारों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार झुग्गी पर ऊपर से मलबा आने से एक आदमी झुग्गी में ही दब गया जबकि दूसरे आदमी के सिर पर बड़ा पत्थर गिरने से उसकी मौत हो गई।