भोपाल। राजधानी की मिसरोद पुलिस ने पति से अलग रह रही महिला की शिकायत पर ऐसे आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है, जिसने अपने विवाहित होने की बात छिपाकर महिला का शादी का झांसा दिया और लिवइन में रखकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बीते दिनो महिला के मोबाइल पर उसकी पत्नि का फोन आने से पीड़ीता को उसकी सच्चाई पता चली, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में बताया की वह मूल रुप से बैतूल जिले की रहने वाली है। वर्तमान में वह एक एक अस्पताल में काम करती है। उसकी शादी पहले हुई थी, लेकिन पति से अनबन के कारण वह पति से अलग हो चुकी है। एक शादी समारोह में उसकी पहचान पिपरिया में रहने वाले अंकित शर्मा नाम के युवक से हुई थी। अंकित फिलहाल भोपाल में रहकर प्राइवेट काम करता है। बातचीत के दौरान अंकित ने महिला का मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में उनके बीच फोन पर बातचीत होने लगी। उनकी पहचान जल्द ही प्रेम प्रसंग में बदल गई। अंकित ने महिला के सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा, पीड़ीता को भी सहारे की तलाश थी, और दोनो एक दूसरे को पंसद करते थे, जिसके चलते उसने अपनी सहमति दे दी। आरोप है कि इसके बाद अंकित शर्मा ने उसे जल्द शादी करने का झांसा देते हुए अपने साथ लिवइन रिलेशन में रहने के लिए तैयार कर लिया। दोनों मिसरोद इलाके की एक कॉलोनी में किराए का मकान लेकर रहने लगे। साथ रहने के दौरान अंकित ने महिला का कई बार शारीरिक शोषण किया। बीते दिनों महिला के मोबाइल नंबर पर एक एक महिला का फोन आया। बातचीत करते हुए उसने पीड़ीता को बताया कि वह अंकित की पत्नी बोल रही है, और पिपरिया में रहती है, साथ ही उसने यह भी कहा कि वह उसके पति से बातचीत क्यों करती है। तब महिला का पता चला कि अंकित पहले से ही विवाहित है। आरोप है कि खुद के शादीशुदा होने की बात अकिंत ने उसे नहीं बताई थी। अकिंत के विवाहित होने की बात पता चलने पर पीड़ीता पुलिस के पास जा पहुंची। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी खिलाफ बलात्कार का मामला कायम कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी हैं।