अहमदाबाद | 22 जनवरी को अयोध्या में होनेवाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर गुजरात समेत पूरा देश राममय हो गया है| देश का प्रत्येक रामभक्त इस पावन अवसर की बड़ी बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहा है| गुजरात के कुंभारों के लिए प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव लाभदायी साबित हुआ है| गुजरात के सैंकड़ों कुंभारों को पांच करोड़ दिए बनाने का ऑर्डर मिला है| गुजरात के इन 5 करोड़ दियों से प्रभु श्रीराम की नगरी जगमगा उठेगी| प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए मंदिर, धार्मिक संस्थाओं समेत व्यापारियों ने लाखों रुपए के दिये के ऑर्डर दिए हैं| विशेषकर दिवाली पर दियों की जबर्दस्त मांग होती है, परंतु अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चलते बड़े पैमाने पर इसके ऑर्डर मिले हैं| 
दियों के सबसे अधिक ऑर्डर अहमदाबाद, सूरत, मुंबई से गुजरात के कुंभार परिवारों को मिले हैं| दियों के साथ मिट्टी की प्लेट, रंगोली और आरती के लिए भी प्लेट के ऑर्डर मिले हैं| इसके अलावा मिट्टी के राम दरबार के कई ऑर्डर मिले होने की खबर है| प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर गुजरात के कुंभार परिवारों को करीब 5 करोड़ से भी अधिक दियों के ऑर्डर मिले हैं| जिससे कुंभारों को एक करोड़ रुपए से अधिक का आर्थिक फायदा होगा और उनका परिवार 22 जनवरी को दूसरी दिवाली मनाएंगे| बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी को राम ज्योति प्रज्वलित करने की अपील की है| मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं में 22 जनवरी को दीप प्रज्वलित कर दिवाली जैसा माहौल बनाने का बड़े पैमाने पर आयोजन किया गया है|