भोपाल। गौतम नगर थाना इलाके में पैदल काम पर जा रहे एक युवक के हाथ से दो पहिया वाहन सवार बदमाश मोबाइल छीनकर चंपत हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए बदमाश को दबोच लिया। पकड़ाये गया आरोपी आदतन बदमाश है।
 पुलिस के अनुसार कैंची छोला निवासी सौरभ जाटव करोंद मंडी में हम्माली का काम करता है। उसने शिकायत करते हुए बताया की शुक्रवार अलसुबह लगभग 5 बजे वह काम पर जाने के लिए घर से निकलकर पैदल मंडी जा रहा था। छोला अंडर ब्रिज के पास पहुंचने पर सौरभ के मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन अटैंड कर वह बात करते हुए चलने लगा। उसी समय उसके पीछे से दो पहिया वाहन सवार बदमाश आया और तेजी से झपट्टा मारते हुए उसका मोबाइल छीन फरार होने का प्रयास किया। सौरभ ने तत्काल ही संभलते हुए उसे पकड़ने के लिये उसके पीछे दौड़ लगाई। लेकिन बदमाश भागने में सफल रहा इस बीच फरियादी ने उसका वाहन नंबर देख लिया। सौरभ तत्काल ही गौतम नगर थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी देते हुए अज्ञात बदमाश का वाहन नंबर भी बताया। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान जुटाते हुए उसके घर पर दबिश देते हुए दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी का नाम सलमान निवासी आरिफ नगर बताया गया है। बताया गया है की उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।