खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने भारत का नाम पूरी दुनिया में रौशन कर दिया है। नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता है। इस जीत के बाद नीरज चोपड़ा एथलेटिक्स वर्ल्ड चैंपियनशिप के इतिहास में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। दुनिया भर से लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने X (पहले ट्वीटर) पर लिखा, "सबसे आगे हिंदुस्तानी" #WorldAthleticsChampionship में गोल्ड जीतने वाले भारत के पहले एथलीट बने नीरज चोपड़ा जी आपको हृदय से बधाई देता हूँ। आपकी इस उपलब्धि से समस्त देशवासी हर्षित एवं गर्वित हैं। आप निरंतर ऐसे ही अपने स्वर्ण प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करते रहें; शुभकामनाएँ।

PM मोदी ने भी दी बधाई

वहीं, इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जेवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बुडापेस्ट में इतिहास रचने के लिए बधाई दी थी।

उन्होंने X पर लिखा था, प्रतिभाशाली नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का उदाहरण हैं। उनका समर्पण, सटीकता और जुनून उन्हें न केवल एथलेटिक्स में चैंपियन बनाता है बल्कि पूरे खेल जगत में अद्वितीय उत्कृष्टता का प्रतीक बनाता है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के लिए उन्हें बधाई।

नीरज चोपड़ा की मां ने जताई खुशी

गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में नीरज द्वारा गोल्ड मेडल जीतने पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि उसने (नीरज) गोल्ड मेडल जीतकर पूरे देश का नाम रौशन किया है। उसके वापस आने के बाद हम जश्न मनाएंगे।

बता दें कि खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो में अपने दूसरे प्रयास में 88.17 मीटर का थ्रो दर्ज किया और अंत तक दूसरे स्थान पर मौजूद पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी अरशद नदीम पर अपनी जीत को बनाए रखा।

इन भारतीय खिलाड़ियों ने भी बनाई थी फाइनल में जगह

बुडापेस्ट में आयोजित वर्ल्ड एथेलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के किशोर जेना (सर्वश्रेष्ठ 84.77 मीटर) पांचवें स्थान पर रहे और हमवतन डीपी मनु (सर्वश्रेष्ठ 84.14 मीटर) छठे स्थान पर रहे। अब, भारत के पास विश्व चैंपियनशिप में सभी रंगों के पदक हैं।

नीरज चोपड़ा का दूसरा पदक

पिछले साल रजत पदक हासिल करने के बाद विश्व चैंपियनशिप में यह नीरज का दूसरा पदक है। ओलंपिक में स्वर्ण, विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण और डायमंड लीग जीतकर नीरज चोपड़ा के पास अब सभी बड़ी चैंपियनशिप में पदक हैं।

अंजू बॉबी जॉर्ज, भारत की पहली पदक विजेता

प्रतिष्ठित विश्व प्रतियोगिता में भारत की पहली पदक विजेता 2003 विश्व चैंपियनशिप में अंजू बॉबी जॉर्ज थीं, जब उन्होंने महिलाओं की लंबी कूद में कांस्य पदक जीता था।