बिलासपुर। 75वां गणतंत्र पर्व जिले में गरिमामय माहौल में उत्साहपूर्वक मनाया गया। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने संभागीय मुख्यालय बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आईपीएस अजय कुमार ने राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी गई। दर्शक अपने स्थान पर खड़े हुए तथा वर्दीधारी अधिकारियों ने सेल्यूट किया। मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षोल्लास और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड कमाण्डर के नेतृत्व में पूरे परिधान में सजे हुए 12 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। पुलिस एवं नगर सेना द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास कार्यो की मनोहारी झांकी ने सबका मन मोह लिया। साव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर मुख्य अतिथि ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए 26 जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि श्री साव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 90 अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिनमें स्वास्थ्य विभाग, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी शामिल है। मेजर ध्यानचंद पुरस्कार के तहत तैराकी में सुश्री अंजिक्या तिवारी और बैडमिंटन में मास्टर अभिजीत सखूजा को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम में महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, नगर निगम सभापति शेख नजरूददीन, कमिश्नर श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, आईजी अजय यादव, कलेक्टर अवनीश शरण, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय अग्रवाल, एडीएम द्वय आर.ए.कुरूवंशी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
स्कूली बच्चों सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह में लगभग स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्र्रमों, योग प्रदर्शन एवं मास पी.टी. की प्रस्तुति दी गई। इनमें स्वामी आत्मानंद उ.मा. शाला चिंगराजपारा, स्वामी आत्मानंद उ.मा. शाला कन्या सरकंडा, कैरियर पॉइंट स्कूल ढेका, नेशनल कॉन्वेंट उ.मा. शाला भारतीय नगर, मोहन्ती हिन्दी उ.मा. शाला, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बरतोरी, एवं ड्रीमलैण्ड उ.मा. शाला बंधवापारा स्कूल के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहला पुरस्कार कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बरतोरी, दूसरा पुरस्कार स्वामी आत्मानंद उ.मा. शाला चिंगराजपारा, तीसरा पुरस्कार स्वामी आत्मानंद उ.मा. शाला कन्या सरकंडा को मिला।
 झांकी का जीवंत प्रदर्शन
जिले के 19 विभागों द्वारा शासन की फ्लैगशीप योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। झांकी में राज्य शासन की उपलब्धियों को खूबसूरत तरीके से दर्शाया गया। झांकी में पहला पुरस्कार जिला पुलिस को निजात अभियान के लिए, दूसरा पुरस्कार जिला पंचायत और तीसरा पुरस्कार जेल विभाग को मिला।