उज्जैन ।  भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के पारस नगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने गुरुवार को जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के परिवार में पत्नी व छह बच्चे हैं। आर्थिक परेशानियों के चलते आत्महत्या किया जाना सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र पुत्र छोगालाल केवल उम्र 32 वर्ष निवासी पारस नगर भैरवगढ ने गुरुवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया था। उस दौरान घर पर कोई नहीं था। मृतक की पत्नी सिद्धवट के बाहर फूल बेचने गई थी। तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसी भेरू को जितेंद्र ने बताया था कि उसने जहरीला खा लिया है।

इस पर भेरू व आसपास के लोग उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां हालत नाजुक होने पर स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए थे। उपचार के दौरान देर रात जितेंद्र की मौत हो गई। मृतक का करीब 12 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। उसके छह बच्चे थे। वह कई दिनों से आर्थिक तंगी के कारण परेशान चल रहा था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है।