अहमदाबाद | राजस्थान कांग्रेस के विधायक संयम लोढा के एक दावे से गुजरात की राजनीति गरमा गई है| संयम लोढा के दावे को गुजरात कांग्रेस के विधायक हिम्मतसिंह पटेल ने उनका निजी अभिप्राय बताया है| दूसरी ओर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है| बता दें कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार और विधायक संयम लोढा के एक ट्वीट से कांग्रेस में हड़कम्प मच गया है| संयम लोढा ने दावा किया है कि गुजरात कांग्रेस के 10 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं| संयम लोढा के इस बयान पर गुजरात कांग्रेस के विधायक हिम्मतसिंह पटेल ने कहा कि यह उनका निजी अभिप्राय हो सकता है| चुनाव से पहले ऐसी बातें वायरल होती हैं| राज्यसभा के चुनाव के दौरान ऐसी घटना हो चुके हैं, लेकिन अब गुजरात विधानसभा के आगामी चुनाव से पहले कांग्रेस एकजुट है| कांग्रेस वर्ष 2017 के मुकाबले आगामी विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ने की तैयारी कर रही है| उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव कांग्रेस 125 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है| कांग्रेस के अन्य एक विधायक इमरान खेडावाला ने कहा कि हम 64 विधायक हैं और हम में से एक भी विधायक कहीं नहीं जाएगा| इतना ही नहीं खेडावाला ने दावा किया कि जिन्हें भाजपा में टिकट मिलने की कोई गुंजाईश नहीं है ऐसे लोग हमसे संपर्क कर रहे हैं| कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए लोग भी अब कांग्रेस कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं| भाजपा में कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट कटने की चिंता सता रही है| कांग्रेस विधायक लाखा भरवाड ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के वक्त भी हम एकजुट थे और आज भी हैं| कांग्रेस के 10 विधायकों के भाजपा के संपर्क में हैं, यह सही नहीं है| दूसरी ओर प्रदेश भाजपा महासचिव प्रदीपसिंह वाघेला ने कहा कि कांग्रेस खुद अपने विधायकों को संभाल नहीं पा रही है, जिसकी वजह से वह दिन ब दिन टूटती जा रही है| उन्होंने दावा किया कि देश में केवल भाजपा ही सबसे भरोसेमंद राजनीतिक दल और इसी वजह से कांग्रेस के विधायक भाजपा की ओर आकर्षित होते हैं|