शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस समय भारी बा‎‎रिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। यहां मॉनसून की एंट्री से पहले ही मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाया है, जहां कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। कुगती जोत से लाहौल घाटी की ओर आ रहे गद्दियों के करीब 100 भेड-बकरियों की हिमस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। 16600 फीट की उंचाई पर कुगती पास लाहौल स्पीति और चम्बा को जोड़ता है। इस रूट पर चम्बा और भरमौर के गड‎रिये गर्मियों के दौरान अपने भेड़-बकरियों और लेकर लाहौल की तरफ आते हैं। प्रभावित गड‎रियों ने सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है। लाहौल स्पीति पुलिस ने बताया कि मनाली लेह राष्ट्रीय राजमार्ग सूरजताल झील के पास भूस्खलन होने के कारण बन्द हो गया है। इधर मंडी जिले में रात को करीब 5 घंटे तक झमाझम पानी बरसा और उपमंडल की खड्डे ऊफान पर आ गई। धर्मपुर में सोनखड्ड के उफान पर होने से काढ़ापतन में पुल के करीब पानी पहुंच गया है। मंदिर के करीब भी पानी पहुंच गया था। हालांकि, राहत अब बारिश बंद होने से हो गई है। 
इसी तरह शिमला में संजौली में डिंगू बावड़ी के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर मलबा गिरने से 3 गाड़ियां दब गई। ढली टनल के साथ बन रही टनल का मलबा नीचे की तरफ आने से यह घटना हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात 1 बजे से शनिवार अल सुबह 5 बजे तक मंडी के धर्मपुर और आसपास के इलाकों में बारिश हुई है। भारी बारिश के चलते चहुतलीफाल्ड-मंडप रोड लैंडस्लाइड के चलते बंद हो गया है। वहीं, ब्यास नदी में मिलने वाली सोनखड्ड ने रौद्र रूप दिखाया है। यह खड्ड ऊफान पर है और कांढ़ापतन पुल के करीब इसका जलस्तर पहुंच गया था। हालांकि, अब बारिश बंद हो गई है। हमीरपुर बिलासपुर सीमा पर दधोल-भराड़ी-लदरौर सड़क मार्ग पर बारिश का पानी आ गया। मौके पर स्थानीय लोगों ने विभाग और सड़क निर्माण कम्पनी के खिलाफ रोष व्यक्त किया। 
हिमाचल प्रदेश में छह दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पांच दिन भारी बारिश और अंधड़ चलने का अलर्ट जारी किया है। 24 व 27 जून के लिए मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। उधर, 25 व 26 जून के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई भागों में 29 जून तक मौसम खराब रहेगा। गुरुवार रात को घाघस (बिलासपुर) में 108.0, पंजगाईं (बिलासपुर) 88.0, कांगड़ा 66.7, स्लापड़(मंडी) 66.2, काहू (बिलासपुर) 50.2 और नादौन (हमीरपुर) में 40.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यहां 26 जून के बाद मानसून के पहुंचने का पूर्वानुमान है।