भोपाल । मप्र में सोमवार को चौथे चरण में 8 लोकसभा  सीटों पर मतदान संपन्न होने के साथ ही प्रदेश की सभी 29 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। भाजपा के केंद्रीय संगठन ने इस पूरे चुनाव को सर्विलांस पर रखा था। इस बार मतदान में किस नेता ने कितना प्रचार किया? मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किस रणनीति के तहत चुनाव प्रचार संचालित किया? पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा को कितना सहयोग किया? नवनियुक्ति मंत्रियों ने अपने क्षेत्रों में कितना मतदान करवाया और मोदी की गारंटी पर लोगों को कितना आश्वस्त किया? इन सभी बिंदुओं पर भाजपा संगठन ने अलग-अलग निजी एजेंसियों और मप्र भाजपा के संगठन से रिपोर्ट तैयार करवाई है।
मप्र में मतदान की समाप्ति के बाद दिल्ली में इन रिपोर्ट पर मंथन होगा। भाजपा मीडिया सेल से जुड़े एक पदाधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, एक निजी एजेंसी के पदाधिकारी ने बताया कि हमने पूरा डेटा डिजिटली इकठ्ठा किया है और वीडियो फॉर्म में रिपोर्ट भेजी जाएगी।

भाजपा नेता का स्कोर कार्ड

मप्र में सबसे बड़ा प्रचार अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संचालित किया। मुख्यमंत्री ने ताबड़तोड़ प्रचार किया। वे सभी 29 लोकसभा सीटों में पहुंचे। 230 विधानसभाओं में से अधिकांश को कवर किया। 55 से ज्यादा रथ सभा, 142 जनसभा, 56 से ज्यादा रोड शो मोहन यादव के नाम हैं। कुल 230 में से वे 185 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करते दिखाई दिये। उन्होंने 22 प्रत्याशियों का नामांकन खुद दाखिल कराया। 13 जिलों में रात्रि विश्राम किया।

कितना एक्टिव रहे शिवराज


पूर्व मुख्यमंत्री और करीब 18 वर्षों तक सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा सहित 21 लोकसभा क्षेत्रों को कवर किया। उन्होंने 66 जनसभाएं, 16 रोड शो किया। इसके साथ ही 3 लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों को खुद नामांकन दाखिल कराया। 5 स्थानों पर रात्रि विश्राम किया। शिवराज खुद विदिशा से प्रत्याशी हैं, इसलिए वे ज्यादातर अपने क्षेत्र में ही सक्रिय दिखे।

किस नेता ने कितना किया प्रचार

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी अपनी पूरी ताकत झोंकी। खुद खजुराहो से दूसरी बार प्रत्याशी होने के बावजूद अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय दिखे। वीडी शर्मा ने 72 जनसभाएं, 18 रोड शो और 16 रथ सभाएं और 65 सम्मेलन और बैठकें कीं। उपमख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने 62 जनसभाएं कीं। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 61 प्रचार जनसभाओं में शिरकत की। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 64 सभाएं कीं, वहीं, पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने 60 जनसभाओं को संबोधित किया। प्रहलाद पटेल ने एक बड़ी प्रेस कांफ्रेंस भी भोपाल में की।