नई दिल्ली । राहुल गांधी ‎ब्रिटेन में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के छात्रों को लेक्चर देने जाएंगे। बता दें ‎कि ‎फिलहाल भारत जोड़ो न्याय यात्रा पूर्वोत्तर राज्यों से शुरू होकर अब भारत के मध्य तक पहुंच चुकी है। इस बीच राहुल गांधी 26 फरवरी से एक मार्च के बीच इस यात्रा से ब्रेक लेंगे। राहुल को ब्रिटेन में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दो विशेष लेक्चर देने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा वे दिल्ली में कुछ अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे। उनकी इन व्यस्तताओं के चलते भारत जोड़ो यात्रा कुछ दिन रोकी जाएगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बुधवार को कानपुर चरण पूरा होने के बाद 22 और 23 फरवरी को भारत जोड़ो यात्रा आगे नहीं बढ़ेगी। यह यात्रा 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होगी। इसके बाद राहुल संभल, अलीगढ़, हाथरस और आगरा जाएंगे। 
उन्होंने बताया ‎कि यहां से भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के ढोलपुर पहुंचेगी। जयराम रमेश ने कहा ‎कि 26 फरवरी से एक मार्च तक यात्रा में विराम होगा, ताकि राहुल गांधी 27 और 28 फरवरी को इंग्लैंड के कैंब्रिज विश्वविद्यालय (जहां से उनकी शिक्षा हुई) में दो विशेष व्याख्यान देने के अपने एक साल पहले के वादे को पूरा कर सकें और इसके बाद उन्हें नई दिल्ली में होने वाली कुछ अहम बैठकों में शामिल होने का मौका मिल सके।