भोपाल/मंदसौर । केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने फिर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कमलनाथ सहित राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी को ये बताना चाहिए कि जब उनकी सरकार थी, तब उन्होंने क्या किया। 2003 से पहले 10 साल तक कांग्रेस की सरकार थी उस समय क्या किया। राहुल गांधी जैसे नेता की लॉन्चिंग सात बार फेल हो गई है तो उनका गठबंधन भी फेल ही होने वाला है।
बता दें कि मंदसौर में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा नवमतदाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने नवमतदाताओं को संबोधित किया। नवमतदाताओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम समाप्ति के बाद तोमर ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकासवादी पार्टी है भारत के लिए ये अमृत काल का समय है। इस अमृत काल में भारत की बुनियाद को मजबूत करना है और आने वाले कल में नौजवानों को न्यू इंडिया सौंपना है। इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए भाजपा और भाजपा की सरकारें काम कर रही हैं। इस विजन को देखकर भाजपा की तरफ नौजवान आकर्षित हो रहा है।
तोमर ने कहा कि आज मैं मंदसौर आया हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि मंदसौर सहित जिले की सभी सीटों पर भाजपा विजय होगी। 50 प्रतिशत कमीशन के आरोप पर तोमर ने कहा कि कमलनाथ जी के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। कमलनाथ जी को ये बताना चाहिए कि 18 महीने में उन्होंने क्या किया। 2003 से पहले 10 साल तक कांग्रेस की सरकार थी उस समय क्या किया। 2014 से पहले केंद्र में भी कांग्रेस की सरकार थी उस समय इन्होंने क्या किया। बताने के लिए कुछ है नहीं गाल बजाकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इंडिया गठबंधन पर दिए बयान पर तोमर ने कहा कि राहुल गांधी जैसे नेता की लॉन्चिंग सात बार फेल हो गई है तो उनका गठबंधन भी फेल ही होने वाला है। ईडी द्वारा अन्य पार्टी नेताओं पर को जा रही कार्रवाई पर तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून का राज होता है। जो लोग अच्छा काम कर रहे हैं उनको डरने की जरूरत नहीं। अंत में जब मीडिया ने सवाल किया कि क्या नरेंद्र सिंह तोमर अगले मुख्यमंत्री होंगे, इस पर वे चुप्पी साध गए और रवाना हो गए।