इंदौर ।   भारत और इंडिया नाम को लेकर चल रहे विवाद को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत तो भारत है, था और भारत ही रहेगा। इसे लेकर कोई विवाद नहीं करना चाहिए। शिवराज सिंह चौहान खंडवा में इंदौर संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ हिस्सा लेने के लिए जाते हुए इंदौर आए थे। इसी दौरान उन्होंने यह बात संक्षिप्त चर्चा में पत्रकारों से कही। दूसरी ओर नीमच में जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव पर सीएम श‍िवराज सिंह ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे समर्थन को देखकर कांग्रेस बौखला गई है। कांग्रेस कोई भी हथकंडे अपना ले उसे सफलता नहीं मिलेगी। यात्रा पर पथराव किसने किया है, हमने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीतेगी।