इंग्‍लैंड के मिडिल ऑर्डर बल्‍लेबाज हैरी ब्रूक शुक्रवार को एशेज सीरीज के पहले टेस्‍ट में बेहद दुर्भाग्‍यपूर्ण तरीके से आउट हुए। ब्रूक के आउट होने का वीडियो वायरल हो गया है। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 37 गेंदों में चार चौके की मदद से 32 रन बनाए। इंग्‍लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया और ओली पोप (31) के आउट होने के बाद हैरी ब्रूक क्रीज पर आए। ब्रूक ने क्रीज पर पैर जमाए और लग रहा था कि बड़ी पारी खेलने में कामयाब होंगे। मगर वो मजाक बनकर रह गए।

कैसे बोल्‍ड हुए हैरी ब्रूक

नाथन लियोन पारी का 38वां ओवर डाल रहे थे। उन्‍होंने पारी की दूसरी गेंद पर ब्रूक को बोल्‍ड कर दिया। लियोन ने लेग स्‍टंप लाइन पर शॉर्ट लेंथ की गेंद डाली, जो ब्रूक के थाई पैड पर जाकर लगी। विकेटकीपर को देखकर लगा कि गेंद लेग साइड में हवा में पीछे की तरफ जा रही है। मगर गेंद हवा में जरूर गई और ब्रूक की पीठ पर लगने के बाद टप्‍पा खाकर स्‍टंप पर जा लगी। ब्रूक को गेंद दिखी ही नहीं और उन्‍हें पता नहीं चला कि गेंद स्‍टंप पर जाकर लग गई है। नाथन लियोन सहित पूरी ऑस्‍ट्रेलियाई टीम ने इस विकेट का जोरदार जश्‍न मनाया। ब्रूक के आउट होने का अंदाज फैंस को खूब पसंद आया। वो अपनी हंसी नहीं रोक सके। ब्रूक जब आउट हुए तब इंग्‍लैंड का स्‍कोर 175/4 था।

रूट ने जड़ा अर्धशतक

इंग्‍लैंड की तरफ से जैक क्रॉली के बाद जो रूट ने शानदार अर्धशतक जमाया। रूट ने खबर लिखे जाने तक 81 गेंदों में चार चौके की मदद से नाबाद 52 रन बनाए। जॉनी बेयरस्‍टो (24*) इस समय क्रीज पर रूट का साथ निभा रहे हैं। इंग्‍लैंड ने खबर लिखे जाने तक 48 ओवर में पांच विकेट खोकर 217 रन बना लिए हैं।