भोपाल। पिपलानी थाना इलाके में अज्ञात बदमाशो ने एक वकील के चेंबर पर धावा बोलते हुए यहॉ से 8 लाख की नगदी समेत दस्तावेज समेटकर चंपत हो गए। पुलिस के अनुसार बालाजी नगर में रहने वाले विनोद राठौर (46) ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पेशे से वकील है, साथ ही वे प्रापर्टी डीलिंग का काम भी करते हैं। उनका चैंबर सच्चिदानंद नगर नरेला शंकरी में है। वह निजी काम के चलते बीते दिनो इंदौर गए हुए थे। इस दौरान 6 मार्च से उनका चेंबर बंद था। 8 मार्च को उनकी बेटी ने मोबाइल पर उन्हें चेंबर का ताला टूटने की सूचना दी थी। इसके बाद विनोद राठौर भोपाल आए। उन्होंने पुलिस को बताया कि चेंबर में एक बैग में 8 लाख की नगदी सहित जरुरी दस्तावेज रखे थे। ताला तोड़कर भीतर घुसे बदमाश नगदी भरा बैग चुराकर ले गए हैं। पहले तो उन्होने अपने स्तर पर अपने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी की जानकारी जुटाने का प्रयास किया लेकिन जब उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली तब वह थाने पहुंचे।  अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।