भोपाल ।   कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी सूची पर शिवराज सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान सड़क पर आ गई है। उम्मीदवारों की सूची से ज्यादा लंबी सूची तो विरोध में इस्तीफा देने वालों की हो गई है। चुनाव नतीजों में कांग्रेस दो अंकों तक भी नहीं पहुंच सकेगी। शुक्रवार को प्रदेश मीडिया सेंटर में पत्रकार-वार्ता में सारंग ने कहा कि कांग्रेस में टिकटों के लिए बोलियां पहले भी लगती रही हैं, लेकिन इस बार यह तय करने के लिए भी बोलियां लगी कि बोली कौन लगाएगा। दिग्विजय लगाएंगे, कमल नाथ लगाएंगे, नकुल नाथ या जयवर्धन लगाएंगे।

दिग्विजय सिंह तथा कमल नाथ बेटों को सेट करने में लगे

सारंग ने कहा कि कांग्रेस में शुरू से परिवारवाद की संस्कृति और पद्धति रही है और शीर्ष नेतृत्व की इस पद्धति को अब प्रदेश संगठन ने भी अपना लिया है। नेहरू-गांधी परिवार अपने बेटे और बेटी को स्थापित करने के लिए संघर्ष कर रहा है। उसी तरह मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह तथा कमल नाथ भी अपने बेटों को सेट करने में लगे हैं। दोनों सूचियों से यह स्पष्ट हो चुका है कि इन दिग्विजय सिंह तथा कमल नाथ के बीच इस बात को लेकर रस्साकशी है कि प्रदेश कांग्रेस को उनके-उनके बेटे चलाएं।