नई दिल्ली। मौसम का मिजाज कुछ अलग है। कहीं इतनी ठंड की लोग ठिठुरने को मजबूर हैं तो गर्मी से लोग बेहाल है। हिमाचल को जाड़ा है और दिल्ली में गर्मी है। राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में मानो गर्मी ने दस्तक दे दी है। यहां के तापमान में तेजी से इजाफा देखा जा रहा है। हालांकि हल्के बादल से सुबह और शाम के वक्त मौसम में थोड़ी नरमी है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, आज नई दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। फरवरी के अंत तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है और अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि बादलों का आवाजाही बनी रहेगी। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली में गर्मी की स्थिति आती नजर आ रही है। 
दूसरी तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी के बीच तापमान तेजी से गिर रहा है। कश्मीर में बर्फीले तूफान आ रहे हैं और हिमाचल प्रदेश में तापमान माइनस 14 तक गिर गया। हिमाचल के कुकुमेसरी में गुरुवार को तापमान माइनस 14.6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्से कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं क्योंकि कुछ इलाकों में बर्फबारी और बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। कल लाहौल और स्पीति का कुकुमसेरी शून्य से 14.6 डिग्री नीचे तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा, जबकि ऊंचाई वाले आदिवासी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से 15 से 20 डिग्री नीचे रहा। मौसम कार्यालय ने कहा कि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री नीचे रहा। खबरों के मुताबिक, लाहौल और स्पीति जिले के जबरांग गांव के ऊपर धूनी पर्वत पर हिमस्खलन हुआ, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 400 सड़कों में से चार राष्ट्रीय राजमार्ग अभी भी बंद हैं और 289 ट्रांसफार्मर और 11 जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हैं। लाहौल और स्पीति में 288 सड़कें अवरुद्ध हैं, जिनमें ग्राम्फू-लोसर में 505 और दारचा-सरचू में तीन, इसके बाद चंबा में 83 और कुल्लू में 21 सड़कें शामिल हैं।स्थानीय मौसम कार्यालय ने 24 से 28 फरवरी तक ऊंची पहाड़ियों में बारिश और बर्फबारी और 26 और 27 फरवरी को निचली और मध्यम पहाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की भविष्यवाणी की है। बता दें कि कश्मीर में भी मौसम का हाल बिगड़ा हुआ है। गुलमर्ग में गुरुवार को खतरनाक बर्फीले तूफान में एक रूसी सैलानी की मौत हो गई। वहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद छह सैलानियों को बर्फ के नीचे से जिंदा निकाल लिया गया।